Oct 4, 2014

आस्था और आध्यात्म के प्रतिमूर्ति राधा बाबा (व्यक्तित्व)


    हमारा देश एक धर्म-प्राण देश है। यहाँ जीवन के लिए जैसे साँसों की आवश्यकता है, वैसे ही आस्था और आध्यात्म आवश्यक है। भारत में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर, धार्मिक प्रवृत्ति एवं परम्पराओं के संरक्षण एवं संवर्धन तथा उनके प्रचार-प्रसार के लिए समय-समय पर महान संतों का अविर्भाव होता रहा है। उन्हीं महान संतों के पावन श्रृंखला में ‘प्रीतिरसावतार’ राधा बाबा थे।
    राधा बाबा का आविर्भाव बिहार के गया जिले के अन्तर्गत फखरपुर ग्राम में सन् 1913 की पौष शुक्ल नवमी को हुआ था। उनके बचपन का नाम चक्रधर मिश्र था। उनके परिवार का पालन-पोषण प्राचीन परिभाष्य कार्य पौरोहित्य से होता था। बालक चक्रधर के विलक्षण योग्यता के बारे में अध्यापकों को प्रारंभ में ही ज्ञान हो गया था। होनहार विरवान के होत चिकने पात। भला कैसे छिपता? अपने सहपाठियों में वे अग्रणी थे। उनमें नेतृत्व की अद्भुत क्षमता थी। आठवीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भारत माता को अंग्रेजी पाश से मुक्त कराने के लिए उन्होंने आंदोलन में भाग लेना शुरू कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम में उन्हें दो बार जेल की भी यात्रा करनी पड़ी। जेलर क्रूर था। उसने बाबा को असनीय कष्ट दिया। उन कठोर यातनाओं के में उन्हें कई बार भगवत्कृपा की विशिष्टानुभूति हुई। इन दिव्य अनुभूतियों ने बालक चक्रधर के मन में यह प्रेरणा जगा दी कि जेल से बाहर आने के बाद भगवदीय जीवन व्यतीत करना है।

     जेल से बाहर आने के बाद उनके अग्रजों ने उन्हें आगे के अध्ययन के लिए कलकत्ता बुला लिया। वहाँ स्कूली अध्ययन के साथ उनका स्वाध्याय भी होता रहता था। स्वाध्याय करते-करते उनके मन का झुकाव वेदान्त की ओर होने लगा और वे शांकरमतानुयायी हो गए। जब वे इण्टर कक्षा के विद्यार्थी थे, तब भगवदीय प्रेरणा से शारदीय पूर्णिमा के दिन उन्होंने संन्यास ले लिया। इससे उनके परिजनों को मर्मान्तक पीड़ा हुई, परन्तु सब जानते थे कि चक्रधर अपने निश्चय से डिगने वाला नहीं है। वे स्वयं के स्थिति की परीक्षा लेने के लिए कलकत्ते में गंगा के किनारे कुष्ठ रोगियों के बीच बैठने लगे। 
    एक दिन जब वे कलकत्ता के गोविन्द भवन गये तो वहाँ पूज्य रामसुखदास जी महाराज से उनका सम्पर्क हुआ। उनके माध्यम से सेठ जयदयाल गोयन्दका जी से भी मिलन हुआ। सेठजी साकार एवं निराकार-दोनों प्रकार की निष्ठाओं के विश्वासी थे, पर बाबा की निष्ठा सिर्फ निराकार में थी। कई दिनों तक पारस्परिक विचार-विनिमय हुआ परन्तु सेठजी चक्रधर बाबा की विचारधारा में परिवर्तन नहीं ला सके। फिर भी यह तय हुआ कि श्रीमद् भागवत् पर टीका-लेखन का कार्य गोरखपुर की गीताप्रेस से हो। इस प्रकार सेठजी के परामर्श के अनुसार चक्रधर बाबा गोरखपुर की गीता वाटिका गए। उस समय गीता वाटिका में एक वर्षीय अखण्ड भगवन्नाम-संकीर्तन का भव्यानुष्ठान चल रहा था। वहाँ बाबू जी हनुमान प्रसाद पोद्दार आए और उन्होंने गैरिक वस्त्रधारी युवक संन्यासी के चरण छूकर प्रणाम किया। इस प्रणाम का चमत्कार अनोखा था। सेठ जयदयाल जी के साथ कई दिवस विचार-विनिमय के उपरान्त भी जो परावर्तन नहीं हो पाया, वह कार्य इस क्षणिक स्पर्श ने कर दिखाया। निराकार निष्ठा तिरोहित हो गयी और साकारोपासना का बीजारोपण इस युवा संन्यासी चक्रधर बाबा के अन्तर में हो गया। बाद में गीतावाटिका में हनुमान प्रसाद पोद्दार जी के साथ ही स्वामी जी रहा करते थे। स्वामी जी आगे चलकर श्री राधा बाबा के नाम से विख्यात हुए। कहते हैं कि बाबा को अद्वैत तत्त्व की साधना करते हुए सिद्धि मिली। 
    श्रीराधा बाबा के रोम-रोम में श्री राधारानी बसी हुई थीं। उनका मन नित्य वृन्दावनी-लीला में रमा रहता था। राधा-कृष्ण की प्रीति के साकार स्वरूप बाबा सदा निस्पृह भाव से जन सेवा में लीन रहते थे। गीतावाटिका में विख्यात श्रीराधाष्टमी महोत्सव का शुभारंभ राधाबाबा ने ही किया। उन्होंने श्रीकृष्णलीला चिंतन, जय-जय प्रियतम, प्रेम सत्संग सुधा माला आदि शीर्षकों से साहित्य का प्रणयन भी किया। बाबा अपनी साधनावस्था में प्रतिदिन तीन लाख नाम जप किया करते थे। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनेक बार श्रीमद्भागवतमहापुराण का अखंड पाठ किया। राधा बाबा 13 अक्टूबर, 1992 को सदा के लिए अंतर्हित हो गए। बाबा का सुंदर एवं प्रेरक श्रीविग्रह गीतावाटिका के नेह-निकुंज में प्रतिष्ठित है।
     बाबा भगवद् भाव राज्य में प्रवेश करके अपने प्रियतम श्रीकृष्ण के साथ नित्य लीला-विहार किया करते थे। बाबा के अन्तर में प्रेम का स्रोत निरन्तर प्रवाहित रहता था। पहले वे कट्टर वेदान्ती थे। अद्वैत तत्त्व की साधना करते समय उन्हें सिद्धि मिली थी। श्रीराधा भाव मधुरोपासना का शिखरबिन्दु है और सन् 1957 के 8 अप्रैल को बाबा की श्रीराधा भाव में प्रतिष्ठा हुई। श्री राधाभाव में प्रतिष्ठा होने से और श्रीराधा नाम का आश्रय लेने के कारण ही वे ‘राधा बाबा’ के नाम से विख्यात हुए।
     राधा बाबा सेवक भी थे, प्रेरक भी थे। उन्हीं की प्रेरणा से 16 फरवरी, 1975 को हनुमान प्रसाद पोद्दार कैन्सर अस्पताल की स्थापना का संकल्प लिया गया, जहाँ आज भी अनेक रोगी चिकित्सा लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उनके ही संकल्प से 26 अगस्त, 1976 को बाबू जी के स्मारक के निर्माण का कार्य पूर्ण हुआ। सबसे अधिक महत्त्वपूर्ण कार्य है गीता वाटिका में श्रीराधाकृष्ण साधना मन्दिर, जो भक्तजनों के आकर्षण का केन्द्र है। इस मन्दिर के श्री विग्रहों में प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य राधा बाबा की देख-रेख में सन् 1985 में सम्पन्न हुआ। अनेक नव साहित्य का प्रणयन, आगंतुकों को आश्रय, अभाव-ग्रस्तों को आश्वासन, साधकों का मार्ग प्रदर्शन, गो माता का संरक्षण आदि अनेक ऐतिहासिक कार्य राधा बाबा केे द्वारा सम्पन्न होते रहे।
     श्री राधा बाबा एक दिव्य आध्यात्मिक विभूति थे। उन्होंने बिहार में राजेन्द्र बाबू के साथ जहाँ स्वाधीनता आन्दोलन में सक्रिय भाग लिया, वहीं जीवन के 21 वर्ष ‘गीता वाटिका’ में रहकर साधना के साथ-साथ आध्यात्मिक साहित्य के सृजन में व्यतीत किए। उन्होंने ‘राधा-तत्व’ के शोध के लिए महत्त्वपूर्ण कार्य किया। 
      इस देश में आदि से आधुनिक समय में भी संत महात्माओं की कमी नहीं है। शाही जिंदगी जीने वाले और कॉरेपोरेट घरानों के लिए कथा करने वाले इन संत-महात्माओं ने अपने ऑडिओ-वीडिओ जारी करने, अपनी शोभा यात्राएँ निकालने, अपने नाम और फोटो के साथ पत्रिकाएँ प्रकाशित करने और टीवी चैनलों पर समय खरीदकर अपना चेहरा दिखाकर जन मानस में अपना प्रचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। मगर इस देश के सभी संत और महात्मा मिलकर भी गीता प्रेस गोरखपुर के संस्थापक कर्मयोगी स्वर्गीय हनुमान प्रसाद पोद्दार तथा सेवक-संवाहक राधा बाबा की जगह नहीं ले सकते। आज की पीढ़ी को तो पता ही नहीं होगा कि भारतीय अध्यात्मिक जगत पर हनुमान पसाद पोद्दार तथा राधा बाबा का ऐसा नाम है जिनके वजह से देश के घर-घर में गीता, रामायण, वेद और पुराण जैसे ग्रंथ पहुँच गए हैं।
     सनातन हिंदू संस्कृति में आस्था रखने वाला दुनिया में शायद ही कोई ऐसा परिवार होगा जो गीता प्रेस गोरखपुर के नाम से परिचित नहीं होगा। इस देश में और दुनिया के हर कोने में रामायण, गीता, वेद, पुराण और उपनिषद से लेकर प्राचीन भारत के ऋषियों-मुनियों की कथाओं को पहुँचाने का एक मात्र श्रेय गीता प्रेस गोरखपुर को है। प्रचार-प्रसार से दूर रहकर एक अकिंचन सेवक और निष्काम कर्मयोगी की तरह भाईजी एवं राधा बाबा ने हिंदू संस्कृति की मान्यताओं को घर-घर तक पहुँचाने में जो योगदान दिया है, इतिहास चाह कर भी नहीं भूला पाएगा। 
     राधा बाबा अपने कर्मों से, अपने मर्मों से समाज के हो गए थे। समाज सेवा ही उनका कर्तव्य था। ईश्वर आराधना की उनकी क्रिया। वे दीनों-दरिद्रों में भी ईश्वर को पाते थे। तथाकथित पातकों की सेवा को ही ईश्वर की सच्ची सेवा मानते थे। वे आस्था और आध्यात्म के सच्ची प्रतिमूर्ति थे।
                                                               .........................................

Sep 28, 2014

असीम शुभकामना


    सन 2005 तक मैं अध्यापन के साथ ही अपने लिए एक नए कार्यक्षेत्र का चुनाव कर चुका था। मैंने हिंदी टेली फिल्म ‘औलाद’, भोजपुरी अलबम ‘तोहसे जुड़ल पिरितिया के डोर’ आदि का लेखन-निर्देशन करने के बाद 2007 में एक विडियो फिल्म ‘कब आई डोलिया कहार’ का भी लेखन-निर्देशन किया। मैं आर्थिक रूप से ज़ीरो होने के क्रम में पूर्णतः हो गया। खैर, असफलता के कारण उन दिनों को मैं कभी भी प्रसन्नता के साथ याद नहीं करता। उनकी काली छाया आज भी मेरे जीवन पर विद्यमान है। गाहे-बेगाहे मुझे कष्ट देती रहती है। मेरे अंतर को आहत करती रहती है। 

    मुझे अपने उन कुकृत्यों के किसी बात पर अगर कभी गर्व होता है तो सिर्फ इस बात का कि मैंने अपने क्षेत्र में ही, अपने क्षेत्र के छोटे-बड़े संभावित कलाकारों के साथ ही काम किया। उस समय मेरे पास कोई भी फिल्म इंडस्ट्री का चर्चित चेहरा नहीं था। असफलता के कारणों में एक ह भी है। जो थे, मेरे अपने थे। अपने सखा-संबंधी, अपने परिचित-परिवार। मज़ा आता था। मज़ा इसलिए कि सब मिलकर काम करते थे। आदर-सम्मान ही पारिश्रमिक होता था। समय की सारंगी ऐसी बजी कि कई के मन में सोया कलाकार जाग गया। अब तो मेरे गृह-नगर में भी फिल्मांकन होने लगा। अभिनेता बन गए। 
    आज फेसबुक पर एक पोस्ट देखा। देखा तो इस संयोग पर गर्व भी हुआ और अपने उस पहले किए गए कृत्य पर पहली बार प्रसन्नता हुई। बात यह कि मनोज द्विवेदी एक अनुभवी कलाकार हैं। वे मेरे गृह-जनपद के होने के साथ ही मेरे अच्छे मित्र हैं। ‘कब आई डोलिया कहार’ के समय तक उनकी कई फिल्मों ने भरपूर लोकप्रियता प्राप्त कर लिया था। ‘कब आई डोलिया कहार’ में वे पहली बाद मुख्य भूमिका निभा रहे थे। उस फिल्म में मेरे एक दूसरे मित्र अमित शर्मा ने द्वितीय अभिनेता की भूमिका का निर्वहन किा था। अमित आज भी हमेशा प्रयत्न कर रहे हैं और वे भी कई फिल्मों में आ चुके हैं। 
    मेरे दोनों अभिनेता मित्र ‘मनोज द्विवेदी’ और ‘अमित शर्मा’ ने अपने परिश्रम के हर एक पहलू से समय-समय पर मुझे अवगत कराया है। ये सफल होने के बाद भी अपना पैर ज़मीन पर ही रखते हैं। मुझे भी मान देते रहते हैं। फिल्मांकन के बाद अमित दिल्ली आए तो दिनेश लाल यादव और खेसारी लाल यादव के साथ अभिनय करने के अपने अनुभव को बड़ी ही प्रसन्नता से तो बताते ही रहे, उन्होने अपनी आने वाली फिल्म ‘हथकड़ी’ के कई फोटो भी मुझे दिखाए और पोस्टर आने पर प्रेषित भी किए। यही हाल मेरे मित्र मनोज द्विवेदी की भी रही। ह्वाट्स एप्प पर उनकी फिल्मों के फिल्मांकन का चित्र हमेशा आता रहता है। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘लहू पुकारेला’ का समय-समय पर मुझसे खूब जिक्र किया है।
 

    आज फेसबुक का पोस्ट यह था कि ‘लहू पुकारेला आौर ‘हथकड़ी’ दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर एक ही दिन, एक ही साथ रिलीज होने जा रही हैं। दोनों का पोस्टर दिया हुआ था। मुझे अपने टीम की फिर याद आ गई। याद आई तो यादों के उन झरोखों को स्वच्छ करते हुए अपने फिल्म का पोस्टर तो निकाला ही। आज फिल्म इंडस्ट्री से मेरा नाता नहीं हैं। हाँ, कभी-कभी गीत, संवाद या कथा लेखन में लग जाता हूँ, मगर पहली बार ऐसा लगा कि मैं सफल हो गया। दोनों को बधाई दिया और लेखनी को रोक नहीं पाया। दोनों फिल्मों को अपार सफलता मिले। 

Sep 24, 2014

बड़ा उपहार

 
    बात सोमवार की है। विद्यालय में प्रथम सत्रीय परीक्षा का अंतिम चरण चल रहा है। मैं सुबह-सुबह आठ बजे ही रिलीवर की ड्यूटी में एक कमरे में बैठा था। कुछ देर बाद शायद कक्षा पाँच की एक नन्हीं, दुबली सी छात्र गुलाबी नए फ्रॉक में अपनी एक सह-पाठिनी के साथ हाथ में एक टॉफी का ट्रे लिए आई। 'टुडे माय बर्थडे सर।'
    विद्यालय में बर्थडे बेबीज़ अपने अध्यापक/अध्यापिकाओं को टॉफी देते हैं और उनका आशीर्वाद लेते है। मैं आठवीं, नौवीं और दसवीं की कक्षाओं में ही पढ़ता हूँ। सो उन कक्षाओं में कभी जाना नहीं होता। 
    मैंने उस नन्हीं बेटी को शुभकामना और आशीर्वाद दिया। चली गई। मैं अपने काम में व्यस्त हो गया। सुबह में रिलीवर की ड्यूटी करीब डेढ़ घंटे की होती है। वैसे तब मैं कक्षा आठवीं का पेपर चेक कर रहा था। करीब आधे घंटे बाद फिर से वह लड़की अपनी किसी अन्य सहेली के साथ आई और अपने उन्हीं शब्दों को दुहराई - 'टुडे माय बर्थडे सर।'
'मैं बोला यस, आई नो।' 
'सर, टॉफ़ी ले लीजिये।' 
मैंने बोला, - 'अभी तो आई थी। मैं ले चूका हूँ।' 
तपाक से हँसी और बोली, - 'सर, ओ मैं नहीं थी, मेरी ट्विन्स सिस्टर थी।'
     मुझे बहुत आश्चर्य हुआ। वह भी अपनी जुड़वा बहन की तरह नन्हीं, दुबली सी छात्र गुलाबी नए फ्रॉक में अपनी एक सह-पाठिनी के साथ हाथ में एक टॉफी का ट्रे लिए आई थी। मुझे कुदरत की करिश्मों के साथ ही एक सुखद अनुभूति हुई। लगा कि काश ये दोनों मेरी बेटियाँ होतीं। मुझे हमेशा ही आत्मिक प्रसन्नता मिलती। ऐसा लगा कि आज मुझे किसी अच्छे कर्म का सुफल मिला है। ऊपर वाले ने मेरे किसी छोटे कर्म का बड़ा उपहार दिया है।  
      -------------- क्या सच में वही प्रसन्नता मिलती? तो लोग ऐसी ख़ुशी देने वाली बेटियों को बोझ क्यों समझते है?------ जो भी हो, अब जब भी वह वाक़या याद आता है, दिल से उन दोनों परियों को आशीर्वाद देता हूँ। तब मन में अनचाहे भी एक ख़ुशी की लहर दौड़ जाती है। 
                                                                 ----------------------

Sep 22, 2014

अवतारी कृष्ण का संघर्षमय जीवन

    जब धार्मिक नायकों की बात आती है, तब मेरे मस्तिष्क में एक साथ कई रेखाएँ खींच जाती हैं। आड़ी-तिरछी, उल्टी-सीधी। उन रेखाओं से कई आकृतियाँ जन्म लेती हैं। कहीं सुन्दर बड़ी-बड़ी आँखें, कहीं साँवला-सलोना मुख। अधर पर अक्षय मुस्कुराहट। कानों में कभी कुवलय-पुष्प तो कभी स्वर्ण-कुण्डल। श्याम-वर्ण शरीर। उस पर लौकिक पीतांबर। वन-मालाओं से सुशोभित कंठ। गुँजाओं से अंग-प्रत्यंग आभूषित। मोर पंख का मुकुट। ललाट पर घुँघराली अलकें। अधर पर चारु वेणु। यह रूप आयास ही नहीं उभरता। एक पूरा चित्र बनता है। बृज-बिहारी का चित्र। गोपाल-गिरिधारी का चित्र। मोहन-मुरारी का चित्र। कृष्ण का चित्र। 
     तब मेरे समझ में आता है कि इतिहास और पौराणिक कथाओं को किताबों के चंद तहरीरों में बंद करके साक्ष्य बनाया जा सकता हैं, या मिटाया जा सकता हैं। लेकिन उन आस्थाओं का क्या प्रमाण हो सकता है, जो लोगों के रगों में लहू की तरह प्रवाहित होती हैं? आँखों में बिजली की तरह चमकती हैं। कृष्ण भी तो एक आस्था का ही नाम है। एक विश्वास का ही नाम है। 
     भगवान श्रीकृष्ण का लीलामय जीवन अनके प्रेरणाओं व मार्गदर्शन से भरा हुआ है। उन्हें पूर्ण पुरुष लीला अवतार कहा गया है। उनकी दिव्य लीलाओं का वर्णन श्रीमद्भागवत पुराण में विस्तार से किया गया है। उनका चरित्र मानव को धर्म, प्रेम, करुणा, ज्ञान, त्याग, साहस व कर्तव्य के प्रति प्रेरित करता है। उनकी भक्ति मानव को जीवन की पूर्णता की ओर ले जाती है। भाद्र कृष्ण पक्ष की अष्टमी को चारों ओर कृष्ण जन्म को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। कृष्ण भारतीय जीवन का आदर्श हैं। उनकी भक्ति मानव को उसके जीवन की पूर्णता की ओर ले जाती है। धरती पर धर्म की स्थापना के लिए ही द्वापर में भगवान विष्णु कृष्ण के रूप में मथुरा के राजा कंस के कारागार में माता देवकी के गर्भ से अवतरित हुए। उनका बाल्य जीवन गोकुल व वृंदावन में बीता। गोकुल की गलियों तथा यशोदा मैया की गोद में पले-बढ़ेे। कृष्ण ने अपनी बाल्यावस्था में ही अपने परम ब्रह्म होने की अनुभूति से यशोदा व बृजवासियों को परिचित करा दिया था। उन्होंने ऐसा जानबुझ कर नहीं किया था। वे तो परिस्थितियों की दासता के कारण चुनौतियों का सामना किए। उन्होंने पूतना, बकासुर, अघासुर, धेनुक और मयपुत्र व्योमासुर का वध कर बृज को भय मुक्त किया। इंद्र के अभिमान को दबाकर गोवर्धन पर्वत की पूजा को स्थापित किया।
     कृष्ण साक्षात करुणा हैं। दया हैं। क्षमता हैं। मर्यादा है। सेवा-भाव हैं। संबंधों के पर्याय हैं। जीवंत विग्रह हैं। कृष्ण मर्यादा से मुक्त रहकर भी बंधनयुक्त हैं। अपने चरित्र के आकाश में कैद कृष्ण को कोई भी जीव भूल नहीं सकता। उन्हें याद करने के लिए इतिहास के पुस्तकों की आवश्यकता नहीं, पौराणिक ग्रंथों के परायण की आवश्यकता नहीं, विश्वास और आस्था की आवश्यकता पड़ती है। वे लोक रंजक हैं। लोक विचारों में जीवित रहते हैं। वे अहेरी भी हैं। आखेट करते हैं। वे बादल भी हैं। बरसते भी हैं। उनके बरसने में सृजन की शक्ति है। ऊर्वरा की शक्ति है। बंध्या धरती भी तृप्त हो जाती है। अंकुरण फूट पड़ता है। जीवन होता है। राधा उस बादल का जल हैं। कृष्ण जीवन की सत्यता को समझते हैं। समझते हैं तभी तो युद्धक्षेत्र में गीता द्वारा युद्ध करने के लिए प्रेरित करते हैं। अपने वंशजों के विनाश पर भी दुखी नहीं होते। कृष्ण तोड़कर मुक्त होते हैं।
   कृष्ण का जन्म आधी रात को होता है। अमावस्या की काली रात में। मेघों से आच्छादित काली रात में। भार्द्रपद की काली रात में। बरसात भरी काली रात में। कृष्ण का जन्म कारागार में होता है। अपने मातुल के कैद में। जहाँ माँ-बाप को बेड़ी लगी है। कृष्ण ऐसे समय में आते हैं। भय और अत्याचार के समय में। दुख से आक्रांत समय में। अज्ञान से उद्वेलित समय में। ज्ञान का दीप बनकर। हर्ष की मरीचि बन कर। निर्भयता को चुनौती देकर। कृष्ण अपने नवजात रूप में ही यमुना को अपना स्पर्श कराते हैं। यशोदा मैया और नंद बाबा के यहाँ रहते हैं। एक राजकुमार का जीवन नहीं, सामान्य जीवन। खेल-खेल में काली नाग के दमन का जीवन। दही और माखन चुराने का जीवन। बंसी के मधुर तान से सबको मुग्ध कर देने वाला जीवन। अनेक असुरों का दमन करने वाला जीवन। गोपियों संग प्रेम क्रीड़ा करने वाला जीवन। रास रचाने वाला जीवन। और सबके बाद कर्म योग का जीवन। 
   बाल्य अवस्था में कृष्ण ने न केवल दैत्यों का संहार किया बल्कि गौ-पालन की। उनकी रक्षा व उनके संवर्धन के लिए समाज को प्रेरित भी किया। उनके जीवन का उत्तरार्ध महाभारत के युद्ध व गीता के अमृत संदेश से भरा रहा। धर्म, सत्य व न्याय के पक्ष को स्थापित करने के लिए ही कृष्ण ने महाभारत के युद्ध में पांडवों का साथ दिया। महाभारत के युद्ध में विचलित अपने सखा अर्जुन को श्रीकृष्ण ने वैराग्य से विरक्ति दिलाने के लिए ही गीता का संदेश दिया। उन्होंने अभिमानियों के घमंड को तोड़ा। अपने प्रति स्नेह व भक्ति करने वालों को सहारा भी दिया। वे राज्य शक्ति के मद में चूर कौरवों के स्वादिष्ट भोग का त्याग कर विदुर की पत्नी के हाथ से साग ग्रहण किए। द्वारका का राजा होने के बाद भी उन्होंने अपने बाल सखा दीन-हीन ब्राह्मण सुदामा के तीन मुट्ठी चावल को प्रेम से ग्रहण कर उनकी दरिद्रता दूर कर मित्र धर्म का पालन किया।
    कृष्ण संस्कार हैं। वे आत्मीय लगते हैं। कृष्ण चिरकालीक सत्य है। सोलह कला लिए पूर्ण पुरुष हैं कृष्ण। वे परंपराओं को चुनौती देते हैं। एक राजवंश की परंपरा को। सामंती परंपरा को। वैभवशाली परंपरा को। कृष्ण अवतार हैं। उन्हें पूर्ण प्रकाश में आना चाहिए। दिन में आना चाहिए। उन्हें क्यों डरना? पर वे काली आधी रात को कारागार में आते हैं। संतानोत्पति पर माताएँ संतान की देख भाल करती हैं। कृष्ण के पिता वसुदेव उनकी देखभाल करते हैं। आगे एक राजकुमार अपनी पौरी से दूर समुचे गाँव में खेलने जाता है। एक अवतरित आत्मा मिट्टी खाता है। घर-घर में तनक दही के काज चोरी करता है। फटकार सुनता है। माँ यशोदा द्वारा ओखल में बाँधा जाता है। कृष्ण अवतार लेते हैं लीला के लिए। उनकी लीला रूढि़यों को तोड़ने की लीला है। वे सामान्य ग्वाल-बालों के साथ वन-वन भटकते गाय चराते हैं। करील-कूँजों में खेलते हैं। गेंद यमुना में चले जाने पर अपने ईश्वरीय या सामंत होने का धौंस या शक्ति नहीं दिखाते। भले वह घटना लीला ही सही, वे स्वयं गेंद निकालने यमुना में जाते हैं। 
     अवतारी कृष्ण का पूरा जीवन ही संघर्षमय रहा है। वे अपने जीवन से लोगों को संघर्ष की ही शक्ति देते हैं। अपने कर्म-धर्म से उन्होंने सब लोगों का विश्वास जीत लिया कि आज के समय में भी लोग उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के रूप में मानते और पूजते हैं। श्रीकृष्ण पूर्णतया निर्विकारी है। उनका स्वरूप चैतन्य है। श्रीकृष्ण ने तो द्रोपदी का चीर बढ़ाकर उसे अपमानित होने से बचाया था। गीता के माध्यम से अर्जुन को अनासक्त कर्म की प्रेरणा दी। इसका परिणाम उन्होंने अपने निजी जीवन में भी प्रस्तुत किया। मथुरा विजय के बाद में उन्होंने वहाँ राज्य नहीं किया। 
     स्वयं एक अवतारी होने के बावजूद भी कृष्ण एक देवता के मान-मर्दन के लिए उन्हें चुनौती दे देते हैं। गोकुलवासियों को बचाने के लिए अपनी दैवीय शक्ति से गोवर्धन को छत्र रूप में कनिष्ठिका पर उठा लेते हैं। कुल की इच्छा के विरूद्ध स्वयं सत्यभामा एवं रूक्मिणी के भगाने का काम करते हैं। प्रेम की पराकाष्ठा दिखाने के लिए राधा सहित अन्य गोपियों के साथ रास रचाते हैं। राधा अमर हो जाती हैं। राधा के प्रेम से वे स्वयं अमर हो जाते हैं। वे सामान्य जन की भाँति वेणु बजाते हैं। गोपिकाओं का वस्त्र हरण करते हैं। महाभारत जैसे युद्ध का उद्घोष कर महाविनाश के लिए अर्जुन को उत्साहित करते हैं। मोह पाश से मुक्त कराने के लिए पावन गीता का अमृत उपदेश देते हैं।
    सच ही, जीवन पर कृष्ण ने अपने अच्छे-अच्छे कर्मों से परंपराओं को चुनौती दिया है। नवीन आदर्श प्रस्तुत किया है। वे लोक सŸाा के नायक के रूप में भी हैं। प्रेम-पुजारी के रूप में भी हैं। तभी तो वे प्रखर शासक हैं। तभी तो वे रसिक-शिरोमणि हैं। कर्मण्यवाधिकारस्ते कहने वाले वे महान कर्मयोगी हैं। वे मन के लिए अभिराम हैं। नेत्र के लिए रमणीय हैं। वाणी के लिए मिष्ठान हैं। हृदय के लिए रंजक हैं। श्रवण के लिए संगीत हैं। कृष्ण कृपालु हैं। उनकी कृपा से मुनिगण देवत्व को प्राप्त होते हैं। परम पद प्राप्त करते हैं। कृष्ण रूप में, कृष्ण शब्द में, कृष्ण आस्था में, न जाने कौन-सी शक्ति है कि युगों-युगों से इतने प्रबल और प्रभावशील रूप से नास्तिकता की आँधियाँ चली। अधर्म का अंधकार छाया। परन्तु भारतीय संस्कृति को कोई भी हिला नहीं पाया। आज भी अधर्म करने वालों को सोचना चाहिए कि भारतीय आस्था अडिग है। अगर अधर्म ऐसे बढ़ता रहा तो पुनः कहीं से घ्वनि की टंकार सुनाई देगी। संभवामि युगे-युगे का घोष सुनाई देगा। पुनः प्रेम की वर्षा होगी। करूणा का कालीन बिछेगा। दया का दान किया जाएगा। और तब पुनः भारत की विराटता का शंखनाद होगा।

                                                    ............................................

वर्तमान समय में राम की प्रासंगिकता

     महर्षि वाल्मीकि के संस्कृत साहित्य से लेकर नरेश मेहता के ‘संशय की एक रात’ तक और वर्तमान के अन्य साहित्यकारों ने भिन्न-भिन्न उपमाओं, अलंकारों, उद्भावनाओं, कथोपकथनों, कथा-प्रसंगों आदि से राम के चरित्र को वर्णित किया है। राम कथा को लोक मानस तक संप्रेषित करने का प्रयास किया है। हरिवंश पुराण, स्कंद पुराण, पद्म पुराण, भागवत पुराण, अध्यात्म रामायण, आनंद रामायण, भृशुंडी रामायण, कंब रामायण आदि ग्रंथों द्वारा भी राम कथा का व्यापक प्रचार हुआ है। प्रतिमा नाटक, महावीर चरित, उदात्त राघव, कुन्दमाला, अनर्घराघव आदि नाटकों द्वारा भी राम कथा को लोकप्रिय बनाया गया है, परन्तु राम कथा को जो प्रसिद्धी गोस्वामी तुलसीदास द्वारा मिली, वह किसी अन्य ने नहीं दिया। 
     तुलसीदास ने रामचरितमानस, कवितावली, विनय पत्रिका, दोहावली, उत्तर रामचरित आदि ग्रंथों के माध्यम से, अपनी रससिक्त लेखनी से, सरल शब्द-सर्जना से राम के चरित्र को जैसा प्रस्तुत किया, वैसा कोई अन्य नहीं कर सका। तुलसीदास जब राम को राजा बना देते हैं तब ऐसा लगता है कि राजा शब्द केवल राम के लिए ही बना है। गोस्वामी जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाजवाद की सथापना करना चाहा है। सत्य भी तो है कि सामाजिक मूल्य व्यक्ति के हित और स्वार्थ से ऊपर होते हैं । राम ने भी समाजवाद के इस अर्थ को अपने जीवन में उतारा और अपने आचरणों से लोगों को समझाया भी। वैसे तो संपूर्ण रामचरित मानस यहीं सीख देता है। वास्तव में समाजवाद राम के चरित्र में विशेष महत्त्व रखता है। सत्ता-सुख को त्यागकर, समाजवाद को ढोकर राम ने अपने साहस का परिचय दिया है। त्याग की भावना साहसिक कृत्य का सर्वोच्च उदाहरण है। अगर व्यक्ति में साहस नहीं है, तो जीवन नहीं है। साहस, सत्-जीवन का आधार है।
     राम का चरित्र लोक मानस का आदर्श चरित्र है। वे हमारे दैनिक जीवन के प्रेरणा-स्रोत हैं। वे आदर्श व्यक्ति हैं। महानायक हैं। वे ईश्वर के अवतार हैं। दीनानाथ हैं। वे सबके हैं। सभी उनके हैं। ऐसा उदाहरण अन्य कहीं शायद ही प्राप्त हो कि हम जिस सामाजिक ढाँचों पर इतना जोर-जोर से सोचते हैं, उसके विषय में बिना कुछ कहें ही राम ने सब कुछ कह दिया। राम ने अपने समय के अनेक विरोधी संस्कृतियों, साधनाओं, जातियों, आचार-निष्ठाओं और विचार-पद्धतियों को आत्मसात् करते हुए उनका समन्वय करने का साहस किया। साहस के लिए शारीरिक और भौतिक बलिष्ठता की आवश्यकता नहीं पड़ती, हृदय में पवित्रता और चरित्र में दृढ़ता की आवश्यकता पड़ती है। साहस का यह गुण राम में पूर्ण रूप से था। तभी तो उन्होंने कदम-कदम पर साहसिक कार्यों का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
    राज्याभिषेक की तैयारी हो रही थी और पिता की आज्ञा पाकर सपत्नी वन जाने को तैयार हो जाना, साहस का ही तो परिणाम है। वे चाहते तो विद्रोह कर बैठते। संभव था कि कारागार में डाल दिए जाते। दर-दर तो नहीं भटकना पड़ता। वैसे तो वे थे सर्व-शक्तिमान! उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं था, परन्तु पितृ-आज्ञा को स्वीकार कर उन्होंने एक आदर्श प्रस्तुत किया। राम अयोध्या जैसे देश के युवराज थे। अपनी सारी विलासिता त्यागकर, गंगा तट से रथ भी वापस भेजकर, नंगे पाँव, वल्कल वस्त्र धारण करके वन-पथ पर चल पड़े। राम ने अपने साहस के बूते पर सामान्य जनों के कष्टों की अनुभूति करने के साथ ही आदर्श की भी स्थापना की। चित्रकूट में वास करते समय भेद रहित होकर कोल-भीलों का साहचर्य लिया, -
‘कोल किरात बेष सब आए। रचे परन तृन सदन सुहाए।।
बरनि न जाहिं मंजु दुइ साला। एक ललित लघु एक बिसाला।।’
    वन में ऋषि-मुनियों के अस्थियों को देखकर, दूसरे के दुख से दुखी होकर निसिचर हीन करने का प्रण करना भी कम बड़ा साहसिक कार्य नहीं है! -
‘निसिचर हीन करउँ महि भुज उठाइ पन कीन्ह।
सकल मुनिन्ह के आश्रमन्हि जाइ जाइ सुख दीन्ह।।

     साहसी व्यक्ति में एक गुप्त शक्ति रहती है, जिसके बल पर वह दूसरे की रक्षा में अपना प्राण तक उत्सर्ग करने को तत्पर हो जाता है। देश, धर्म, जाति या परिवार वाले के लिए ही नहीं, संकट में पड़े अपरिचित व्यक्ति की सहायता के लिए भी तत्परता बनी रहती है। साहसी व्यक्ति दूसरे के लिए भी हर प्रकार के क्लेशों को हर्षित होकर सहन कर लेता है। राम ने अदम्य साहस का दृष्टांत उस समय भी प्रस्तुत किया, जब प्रवाहमय जलधि की जलधारा को स्थिर करने का निश्चय किया। सच ही, यह राम का साहस ही था कि समुद्र को मानव रूप धारण कर उनकी शरण में आना पड़ा। राम जैसा व्यक्ति ही संपूर्ण साहस से यह कह सकता है कि प्रजा की खुशी के लिए अर्धांगिनी सीता का परित्याग करने में रंच मात्र भी क्लेश नहीं होगा।
    साहसी व्यक्ति कर्तव्यपरायण होता है। उसे अपने कर्मों पर अटूट विश्वास होता है। राम ने भी यहीं किया। वे अच्छी तरह से जानते थे कि रावण महाबलशाली है। उसमें अकूत शक्ति है। उसका बेटा इन्द्र को जीत चुका है। परन्तु सीता की रक्षा के लिए रावण जैसे महापराक्रमी से युद्ध कर के विजयश्री प्राप्त किया।
    अपने पूरे वनवास काल में राम ने अत्याचारी व्यक्तियों और अनीतिपूर्ण राज्यों का अंत करके जहाँ राजनैतिक स्थिति को दृढ़ किया, वहीं दंडक वन में खर, दूषण और तृशिरा बंधुओं का संहार भी किया। बालि का वध करके उसके छोटे भाई सुग्रीव को तथा रावण का वध करके उसके छोटे भाई विभीषण को राज्य देकर वसुधा को आसुरी प्रवृत्तियों से मुक्त किया। निषादराज गुह, पंपापुर के राजा सुग्रीव, विभीषण के अतिरिक्त अन्य वानर-भालुओं, कोल-किरातों के साथ मैत्री स्थापित किया। वन की वृद्धा भिलनी शबरी का जूठन खाया। राम के इस संपूर्ण व्यक्तित्व से उनकी साहसिक प्रवृत्ति ही प्रतिबिंबित होती है। उन्होंने अपने कर्मों से सामाजिक, धार्मिक, बौद्धिक, सभी क्षेत्रों में साहस का परिचय दिया है। निश्चय ही राम अपने इन्हीं गुणों के कारण आज भी मंदिरों के चहारदीवारों के कैद से मुक्त होकर समस्त जन-मन के हृदय पर राज करते हैं। वे सबके प्रेरक हैं। सबके लिए एक्स्ट्रा एनर्जी हैं। राम को निम्नलिखित रूपों में सामाजिक अत्याचार दिखाई देता है, जिसे आज संस्कृति कहा जा रहा है। -
‘बाढ़े खल बहु चोर जुआरा। ते लंपट परधन परदारा।।
मनहिं मातु पिता नहीं देवा। साधुन्ह सन करवावहिं सेवा।।

    अपने श्रेष्ठ आचरण तथा अद्भुत साहस के साथ राम ने जिस जीवन को भोगा, उसमें अनेक व्यक्तियों का सानिध्य रहा। उनके संपर्क में आने वाले व्यक्तियों में सरल एवं कूटिल-मना, सभी थे। ऐसा देखा जा सकता है कि उनके संपर्क में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति साहसी हो गया तथा अपने जीवन को धन्य कर लिया। राम भरत के भाई थे। राम के वन गमन के उपरांत भरत को ही सŸाारूढ़ होना था, लेकिन वे ननिहाल से आकर गद्दी पर नहीं बैठे। तपस्वी का जीवन व्यतित करते हुए प्रजा के सामने त्याग और कर्Ÿाव्यपरायणता का आदर्श रखा तथा राम की ओर से चैदह वर्ष तक राज्य का प्रबंध किया। भरत पर राम को दृढ़ विश्वास भी तो था। -
‘भरतहि होइ न राजमदु बिधि हरिहर पद पाइ।
कबहुँ कि काँजी सीकरनि छीरसिंधु बिनसाइ।।’

    लक्ष्मण भी राम के अनुज थे। उन्होंने भी राज-सुख त्यागकर चैदह वर्ष तक क्षुब्धा और निद्रा को त्यागकर प्रतिबिम्ब की भाँति राम की सेवा किया और आर्दश स्थापना किया। वन जाते समय राम को पार उतारने के लिए केवट ने उनका पाँव धोने के हठ का साहस किया। उनके चरणामृत को लेकर परमगति को प्राप्त हुआ।
    राम के चरित्र के साथ मारीच का बहुत निकट का संबंध है। मारीच राम के पौरुष से परिचित था। मोक्ष-प्राप्ति की लालसा में वह स्वर्ण-हिरण बन बैठा। राम के संपर्क में आने पर समुद्र भी अपनी जलधाराओं को स्थिर करने का साहस कर लेता है। गिद्ध जटायु भी रावण जैसे पराक्रमी योद्धा से दो-दो हाथ करने का साहस कर लेता है। राम के संपर्क में आने पर हनुमान समुद्र को लांघकर लंका को जलाने का भी साहस कर लेते हैं। एक राजा के दरबार में जाकर, उसके सामने पाँव जमाने वाले अंगद का साहस भी राम से ही प्रेरित है। राम का साहस हमारी वृत्तियों को उर्ध्वगामी बनाने की प्रेरणा देता है।
    राम विष्णु के अवतार और परब्रह्म स्वरूप हैं। राम में शक्ति, सौन्दर्य तथा साहस का समन्वय है।  उनका लोकरक्षक रूप प्रधान है। वे मर्यादा पुरुषोत्तम और आदर्श के प्रतिष्ठापक हैं। उन्होंने जीवन की अनेक उच्च भूमियाँ प्रस्तुत की हैं। राम ने गृहस्त जीवन की उपेक्षा नहीं की, अपितु लोक सेवा और आदर्श गृहस्त का उदाहरण उपस्थित करके सामान्य जन के जीवन स्तर को भी ऊँचा उठाने का स्तुत्य प्रयत्न किया। राम इतिहास ही नहीं, वर्तमान और भविष्य भी हैं। राम सृष्टि के कण-कण में विद्यमान हैं। वे अन्न और जल के समान सुलभ हैं। वर्तमान राजनैतिक आपाधापी, सामाजिक अस्थिरता और भौतिक आकर्षण के समय में राम के साहस और आदर्श का स्मरण होते ही एक आदर्श समाज की संरचना हृदय-पटल पर चित्रित हो जाती है। ऐसा समाज, जिसमें सभी व्यक्ति अपने धर्म (कर्त्तव्य) का पालन करते हों। अनीति न हो। वैमनस्य न हो। पारस्परिक स्नेह हो। श्रम की महत्ता हो। सभी स्वावलंबी हो। कुंठा का नाम न हो। परोपकार अनिवार्य भाषा हो।
आज हमें भी अपनी आंतरिक शक्यिों को एकत्रित कर सामाजिक बुराइयों के अंत का प्रण करना ही पड़ेगा। राम और उनके साहस को सार्थक करना ही पड़ेगा। तब पुनः विश्व में भारत का जयघोष होगा। समाजवाद का सोच सार्थक होगा। सामाजिक समरसता फैलेगी और सभी प्रकार के सुखों से देश भर जाएगा। तब पुनः लिखा जाएगा, -
‘नहिं दरिद्र कोउ दुखी न दीना। नहिं कोउ अबुध न लछन हीना।।
अल्प मृत्यु नहिं कबनिहु पीरा। सब सुन्दर सब निरुज सरीरा।।

    समाज की वर्तमान स्थिति में राम की प्रासंगिकता पुनः दृष्टिगत हो रही है। आज समाज में सामाजिक चिंतन छोड़कर केवल वाद ही वाद दिखाई दे रहा है। ‘लोकपाल’ की कल्पना करने वाले शरीर को उपेक्षित कर दिया जाता है। राजनैतिक पार्टियाँ जनता की कोमल और निर्मल भावनाओं के साथ खिलवाड़ करती नजर आ रही हैं। दिल्ली का जंतर-मंतर और रामलीला मैदान अब दूसरी लीलाओं का मंच बन गए हैं। लड़कियाँ, कन्याएँ तथा छात्राएँ डरी-सहमी सी दिखाई देने लगी हैं। अनेक सीताओं का शील हरण किया जा रहा है। आज का रावण दस नहीं, असंख्य चेहरों में जी रहा है। महँगाई डायन सुरसा बनी, जन-सामान्य को निगलने के लिए तत्पर है। हमारे नेता, एक-दूसरे पर बयानबाजियों में ही व्यस्त हैं। भागती जिंदगी अब और क्षणभंगुर हो गई है। सुरक्षा देने वाले बल अब स्वयं ही गोलियों का शिकार हो जाते हैं।
    राम! जनता जागती तो है, मगर उसे आपका साथ नहीं मिल पाता। जंतर-मंतर, इंडिया-गेट हो या देश का अनगिनत गली, गाँव, चैबारा, जनता ने सोलह दिसंबर के बाद सब तो किया, मगर कहाँ कुछ मिला? अब तो सात-आठ साल की नन्हीं चिरैया भी सुरक्षित नहीं। राम! आपको एक बार पुनः ‘निसिचर हीन करहुँ महि’ का प्रण करना ही पड़ेगा। एक बार पुनः समता मूलक समाज की वास्तु तैयार करनी ही पड़ेगी। वैसे तो यहाँ सब हैं, लक्ष्मण भी, शत्रुघ्न भी, भरत भी। सीता, रावण और सुरसा भी। बस आप नहीं हैं तारनहार! देश की जनता एक बार पुनः आपका जन्मोत्सव मनाने को तैयार है और तैयार है स्तुति के लिए। -
‘भये प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी।
हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप निहारी।’
-------------------------------

Sep 19, 2014

प्रेम (लघुकथा)

    आँख के सामने कुप्प अँधेरे को अनुभव करके संतोष ने कहा, - 'अब होश आया कि मैं अपना चश्मा तो घर ही भूल गया।'
    जीवन-संगिनी सरिता उसके पीछे बैठी स्कूटर का बैक-व्हील कस के पकड़ ली और जोर से चिल्लाई, - 'हाऊ नॉनसेन्स! - - अब तो स्कूटर रोको। मेरी जान लोगे क्या?'
     संतोष ने गाड़ी रोक कर पीछे से आते ऑटो को हाथ दिया और सरिता को उसपर बैठाते हुए खुद स्कूटर से आ जाने की बात कह कर उसे मॉल पहुचने के लिए भेजा। 
    सड़क के सन्नाटे में जैसे वह खो गया। प्रेम का ऐसा रूप उसने सोचा भी न था। 
    'अपने जान की इतनी चिंता ? स्कूटर पर मैं भी तो था?' 
    इसी सोच की सवारी से संतोष घर की ओर मुड़ गया।
                                                                  ----------------

सोच (लघुकथा)

     ऑफिस में सहकर्मी हमेशा चर्चा करते है, अधिकारी उदहारण देते रहते है। कहते हैं कि आँखों में सपने तो सब पालते है। वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए लक्ष्य भी निर्धारित करता है। शिवम इसीलिए सफल है कि वह हर एक घटना के सकारात्मक पहलू को ही देखता है। अलग सोचता है। शिवम के पास काम के सामने समय कहाँ रहता है। लोकल की भीड़ में लंच का पैकेट खोलना मज़बूरी थी। वेज़-रोल का एक ही बाइट लिया था कि 'जोगेश्वरी' स्टेशन पर उतरती भीड़ के धक्के से पैकेट रेल-ट्रैक पर चला गया।
     'थैंक गॉड' कहकर एक लम्बी साँस लिया। यह सोचकर मुस्कुराने लगा कि आज माँ का बनाया हुआ वेज़-रोल यहाँ के चूहों को भी नसीब हो गया। 
     वास्तव में, सफलता की शुरुआत सोच से ही होती है।
                                                                     --------------------